वाराणसी।बनारस रेलवे स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार की ओर लंबे समय से बंद पड़ा चारपहिया वाहन स्टैंड शुक्रवार शाम से दोबारा चालू कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम ठेकेदार द्वारा विधिवत पूजा-पाठ के बाद स्टैंड का संचालन शुरू किया गया और चारपहिया वाहनों से शुल्क वसूली भी शुरू हो गई।
स्टैंड के लिए शुल्क दरें निर्धारित कर दी गई हैं। चारपहिया वाहनों के लिए पहले 6 घंटे का शुल्क 30 रुपये रखा गया है। इसके बाद अगले 6 घंटे के लिए 40 रुपये और 12 से 24 घंटे तक के लिए 50 रुपये शुल्क देना होगा। 24 घंटे के बाद प्रतिदिन 50 रुपये की दर से शुल्क लिया जाएगा।
रेलवे प्रशासन ने इस स्टैंड के संचालन के लिए करीब 2801 वर्गमीटर क्षेत्र को अगले तीन वर्षों के लिए महावीर कंस्ट्रक्शन को आवंटित किया है। इससे स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार पर आने वाले यात्रियों को वाहन पार्किंग की सुविधा मिल सकेगी।
