गोरखपुर में बनेगा फॉरेस्ट्री कॉलेज: मुख्यमंत्री

काशीवार्ता न्यूज़।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में फॉरेस्ट्री कॉलेज की स्थापना की घोषणा की है। इस कॉलेज में वन से संबंधित डिग्री और डिप्लोमा कोर्स चलाए जाएंगे, जिससे युवाओं को वन विभाग में नौकरी के अवसर मिल सकेंगे। मुख्यमंत्री ने यह घोषणा गोरखपुर के कैम्पियरगंज रेंज में स्थापित ‘जटायु राजगिद्ध संरक्षण एवं प्रजनन केंद्र’ के उद्घाटन के अवसर पर की।

योगी ने कहा कि विकास तभी सार्थक होता है जब वह पर्यावरण की रक्षा के साथ हो। उन्होंने वन विभाग के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यूपी ने 7 वर्षों में 200 करोड़ पौधों के रोपण का लक्ष्य पूरा किया है। इस केंद्र का उद्देश्य विलुप्त हो रहे गिद्धों की संख्या बढ़ाना और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देना है।

जटायु संरक्षण केंद्र का निर्माण 2.80 करोड़ रुपये की लागत से हुआ है। इसमें ब्रीडिंग, होल्डिंग, वेटनरी सेक्शन, प्रशासनिक भवन, और सीसीटीवी निगरानी जैसी सुविधाएं हैं। इस केंद्र का उद्देश्य आगामी आठ से दस वर्षों में 40 जोड़े राजगिद्धों को प्राकृतिक वातावरण में छोड़ने का है।

मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण और गोरखपुर के विकास की दिशा में किए गए कार्यों पर भी चर्चा की। उन्होंने यूपी के तेजी से हो रहे विकास और गोरखपुर में एम्स, खाद कारखाना और अन्य परियोजनाओं का उल्लेख किया, जो राज्य की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

TOP

You cannot copy content of this page