
पास में क्लास चल रही थी, छात्रों को बाहर निकाला गया
वाराणसी -(काशीवार्ता)-काशी हिंदू विश्वविद्यालय के आईएमएस परिसर में शनिवार को गोदाम में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि तार में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग ने देखते ही देखते बड़ा रूप ले लिया। जिस स्थान पर आग लगी, उसके पास ही छात्रों की क्लास चल रही थी। स्थिति को देखते हुए सभी छात्रों को तुरंत बाहर निकाला गया। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक जिस गोदाम में आग लगी, वहां रंग-रोगन से जुड़ा सामान रखा हुआ था। साथ ही दो से तीन सिलेंडर भी रखे थे, जिससे खतरा और बढ़ गया। सूचना मिलते ही करीब 10 मिनट के अंदर दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंच गई।बिजली काटकर शुरू किया गया बचाव विश्वविद्यालय प्रशासन ने तुरंत पूरे इलाके की बिजली कटवाई और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। आईएमएस के डायरेक्टर भी मौके पर पहुंचे और कर्मचारियों के साथ मिलकर सामान बाहर निकलवाया। डायरेक्टर ने बताया कि डिपार्टमेंट ऑफ सिद्धांत दर्शन के पीछे गोदाम में आग लगी थी। उन्होंने कहा कि घटना में केवल सामान को नुकसान हुआ है, कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ। आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड और बीएचयू के सुरक्षाकर्मी मौके पर जुटे रहे। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
