वाराणसी(काशीवार्ता)। मानसिक अस्पताल में आज दोपहर 40 साल की महिला कैदी ने चाकू से गला रेत कर खुदकुशी कर ली। कहा जा रहा है कि रसोई से चाकू उठाकर खुद पर उसने कई वार किए। घटना के बाद अस्पताल में हड़कंप मच गया। जानकारी कैंट पुलिस को दी गई।
समाचार लिखे जाने तक पुलिस मृत महिला के लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज रही थी। मिली जानकारी के मुताबिक, कौशांबी के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर महिला को अज्ञात के रूप में 13 अप्रैल को लाया गया था। वह सुबह 8 बजे सामान्य अवस्था में थी।
अस्पताल कर्मियों ने पुलिस को बताया है कि वह किचेन में गई और मौका मिलते ही गर्दन पर चाकू से वार कर गला रेत लिया। घटना के समय वार्डों में राउंड ले रहे डॉ. अवनीश सिंह, डॉ. सीपी मल्ल मौके पर पहुंचे और महिला का इलाज प्रारम्भ किया, लेकिन उसकी मौत हो गयी।
महिला का इलाज डॉ. चन्दन प्रसाद की देख-रेख में हो रहा था। घटना के बाद अस्पताल के निदेशक डॉ. एके राय भी मौके पर पहुंचे और पूरी स्थिति की जानकारी ली।