
लोहता थाना क्षेत्र के भरथरा गाँव स्थित बाढ़ू वीर बाबा मंदिर में बीती रात चोरों ने सेंध लगाकर चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। चोर मंदिर परिसर से चार पंखे, दो बड़े घंटे और दानपेटी में रखे हजारों रुपये लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी तब हुई जब सुबह पुजारी रोज की तरह पूजा करने मंदिर पहुँचे। मंदिर के अंदर सामान बिखरा देखकर उन्हें चोरी का अंदेशा हुआ, जिसके बाद उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों को सूचना दी।
देखते ही देखते मंदिर परिसर में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और इलाके में हड़कंप मच गया। लोगों ने बताया कि मंदिर में रोज श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं और दानपेटी में भी अच्छी-खासी रकम जमा रहती है। ऐसे में चोरी की घटना से ग्रामीणों में नाराजगी और चिंता दोनों है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस को भी मामले की जानकारी दी गई। ग्रामीणों ने पुलिस से घटना की जल्द से जल्द जांच कर चोरों को पकड़ने की मांग की है। साथ ही मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, दानपेटी की नियमित निगरानी और रात में गश्त बढ़ाने की भी मांग उठाई है। ग्रामीणों का कहना है कि धार्मिक स्थलों पर बढ़ती चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन को सख्त कदम उठाने होंगे।
