सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम सख्त, शिकायत निस्तारण में लापरवाही पर चेतावनी

वाराणसी के राजातालाब तहसील सभागार में जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि शिकायतों का निस्तारण तय समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को मौके पर जाकर शिकायतकर्ता का पक्ष सुनने और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।

भूमि विवाद और अतिक्रमण से जुड़ी शिकायतों पर विशेष जोर देते हुए डीएम ने राजस्व विभाग और पुलिस टीम को संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कई बार शिकायतकर्ता बार-बार शिकायत करते हैं, जो दर्शाता है कि पहले समाधान सही तरीके से नहीं हुआ। इसलिए हर शिकायत का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण जरूरी है।

समाधान दिवस में कुल 231 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 12 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया। बाकी मामलों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए एक सप्ताह के अंदर समाधान करने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

TOP

You cannot copy content of this page