
वाराणसी के दालमंडी क्षेत्र में सोमवार दोपहर ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान अचानक हड़कंप मच गया, जब प्रशासनिक कार्रवाई के बीच भवन स्वामी ने आग लगा दी। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया और कुछ समय के लिए पूरी कार्रवाई रोकनी पड़ी। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने स्थिति को संभालने और भवन स्वामी को समझाने की कोशिश की, लेकिन आग लगाने की घटना से हालात और तनावपूर्ण हो गए।
जानकारी के अनुसार दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना के तहत एक मकान ध्वस्तीकरण की कार्रवाई प्रस्तावित थी। कार्रवाई शुरू होने से पहले प्रशासन ने भवन स्वामी को ध्वस्तीकरण के लिए तैयार होने को कहा। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और भवन स्वामी ने अचानक आक्रामक कदम उठाते हुए पहले छत के रास्ते टीन शेड की ओर पेट्रोल फेंककर आग लगा दी। इसके बाद उसने एक बर्तन में पेट्रोल लेकर बाहर टिन शेड पर छिड़कने का भी प्रयास करने लगा।
दरवाजे के बाहर भी आग लगने से मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ जैसे हालात बन गए। आग लगने के बाद इलाके में धुएं का गुबार उठने लगा, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और प्रशासन को तुरंत हरकत में आयी और सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम किए गए।
घटना के बाद प्रशासन ने क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित किया और आग पर काबू पाने के लिए आवश्यक कदम उठाए। अधिकारियों ने बताया कि हालात को नियंत्रित कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। दालमंडी क्षेत्र में चल रही चौड़ीकरण परियोजना के कारण पहले भी विरोध और विवाद की स्थिति बनती रही है, लेकिन इस तरह की घटना ने प्रशासन और स्थानीय लोगों दोनों को चिंता में डाल दिया है।
