
वाराणसी (काशीवार्ता)। प्रेमचंद मार्गदर्शन केंद्र ट्रस्ट, लमही के अध्यक्ष व प्रेमचंद पत्रिका के सह-संपादक डॉ.मनोज कुमार श्रीवास्तव को इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के अध्यक्ष पद पर विजयी होने के उपलक्ष्य में ट्रस्ट व काशी के साहित्यकार ने सम्मान समारोह का आयोजन काशी मेडिकेयर अशोक विहार कॉलोनी में संपन्न हुआ। इस अवसर पर ट्रस्ट के संरक्षक डॉ.रामसुधार सिंह ने कहा कि डॉ.मनोज कुमार, श्रीवास्तव का आईएमए के अध्यक्ष पद पर विजय केवल एक पद की उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह उनकी निष्ठा, समर्पण और निरंतर जनसेवा का प्रतिफल है। चिकित्सा के क्षेत्र में उनकी ईमानदार कार्यशैली, सामाजिक सरोकारों के प्रति संवेदनशील दृष्टि और साहित्यिक योगदान उन्हें विशिष्ट बनाते हैं। हमें विश्वास है कि उनके नेतृत्व में आईएमए वाराणसी नई ऊँचाइयों को छुएगा और चिकित्सक समाज के साथ-साथ आम जनमानस को भी इसका लाभ मिलेगा। प्रोफेसर श्रद्धानंद ने कहा कि डॉ. मनोज कुमार श्रीवास्तव की आईएमए के अध्यक्ष पद पर विजय उनके व्यक्तित्व, नेतृत्व क्षमता और समाज के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है। वे चिकित्सा, साहित्य और सामाजिक सेवा तीनों क्षेत्रों में समान रूप से सक्रिय रहकर समाज को सकारात्मक दिशा देते रहे हैं। उनका यह दायित्व न केवल चिकित्सक समुदाय के हित में होगा, बल्कि जनसामान्य के विश्वास को भी और मजबूत करेगा। समारोह में कंचन सिंह परिहार, प्रकाश श्रीवास्तव, मनोज विश्वकर्मा, डॉ.व्योमेश चित्रांश, राजीव गोंड सहित चिकित्सा, साहित्य एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में वक्ताओं ने डॉ.मनोज कुमार श्रीवास्तव के चिकित्सा सेवा, सामाजिक सरोकारों तथा साहित्यिक योगदान की सराहना करते हुए उन्हें इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। ट्रस्ट की ओर से उन्हें अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
