
मीरजापुर। थाना कछवां क्षेत्र के कांशीराम आवास कॉलोनी में एक व्यक्ति की गोली लगने से हुई मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त अवैध पिस्टल और जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
थाना कछवां पर 26 दिसंबर 2025 को सलीम अंसारी पुत्र मुनौव्वर अंसारी, निवासी लखनीपुर थाना बक्सा जनपद जौनपुर की तहरीर पर मु0अ0सं0 249/2025 धारा 105 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने नामजद अभियुक्त अरबाज पुत्र घबडू और सविता पत्नी सद्दाम अंसारी (मृतक) को गिरफ्तार किया। दोनों का मूल निवास लखनीपुर थाना बक्सा जनपद जौनपुर है, जबकि वर्तमान पता कांशीराम आवास कॉलोनी, पाण्डेयपुर वार्ड थाना कछवां बताया गया है।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त .32 बोर की पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए। बरामदगी के आधार पर मामले में आयुध अधिनियम की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त अरबाज की उम्र करीब 21 वर्ष तथा अभियुक्ता सविता की उम्र करीब 27 वर्ष है। दोनों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेज दिया गया है। पूरी कार्रवाई उप निरीक्षक विनय कुमार दूबे और उनकी टीम द्वारा की गई।
