
वाराणसी के लहरतारा क्षेत्र में मंगलवार सुबह करीब साढ़े सात बजे गैस सिलेंडर में हुए जोरदार धमाके से इलाके में हड़कंप मच गया। धमाका इतना तेज था कि एक मकान पूरी तरह ध्वस्त हो गया और आसपास के लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए। हादसे में मकान के अंदर मौजूद चार लोग मलबे के नीचे दब गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की। लोगों के अनुसार, इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों की पहचान ओम कुमार चौधरी (30) और प्रीति चौधरी के रूप में हुई है। वहीं घायलों में अमन चौधरी (31) और 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला गिरजा देवी शामिल हैं। घायलों को तत्काल इलाज के लिए बीएचयू ट्रामा सेंटर भेजा गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। डीसीपी गोमती जोन, एडीसीपी नीतू कादयान, एडीएम सिटी आलोक वर्मा, एसीपी रोहनिया संजीव शर्मा और मुख्य अग्निशमन अधिकारी आनंद सिंह राजपूत ने घटनास्थल का जायजा लिया।
फिलहाल जेसीबी मशीन की मदद से जर्जर मकान के मलबे को हटाया जा रहा है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि मलबे के नीचे कोई और व्यक्ति तो नहीं दबा है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और धमाके के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
