‘क्राई’ संस्था ने लड़कियों की 12वीं तक शिक्षा के लिए शुरू किया राष्ट्रव्यापी अभियान

लड़कियों की शिक्षा के प्रति जन जागरुकता में क्रांतिकारी बदलाव लाना आवश्यक

वाराणसी (काशीवार्ता)। शिक्षा के प्रति सामाजिक दृष्टिकोण बदलने और जागरुकता बढ़ाने के लिए सात सप्ताह का राष्ट्रव्यापी अभियान को प्रदेश में लॉन्च किया। हर लड़की की 12वीं तक की शिक्षा सुनिश्चित करने की तत्काल आवश्यकता को संबोधित करते हुए, बाल अधिकार संगठन क्राई चाइल्ड राइट्स एण्ड यू ने सोमवार को ‘पूरी पढ़ाई देश की भलाई’ अभियान की शुरुआत की। कहा कि भारत में लाखों लड़कियां अभी भी स्कूल से बाहर हैं, और कई माध्यमिक और उच्च माध्यमिक शिक्षा तक पहुंच नहीं पा रही हैं।

इस सात सप्ताह के राष्ट्रव्यापी पहल का उ‌द्देश्य लड़कियों की शिक्षा के प्रति जन जागरुकता और सामाजिक दृष्टिकोण में क्रांतिकारी बदलाव लाना है। प्रदेश में यह अभियान राज्य के विभिन्न जिलों के साथ-साथ भारत के 20 राज्यों में क्राई संस्था द्वारा शुरु किया गया। क्राई की मुख्य कार्यकारी अधिकारी पूजा मारवाहा ने अभियान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बालिकाओं के लिए उच्च माध्यमिक शिक्षा सुनिश्चित करना न केवल उनके सशक्तिकरण के लिए अपरिहार्य है, बल्कि यह राष्ट्र के समग्र विकास का भी अनिवार्य अंग है। प्राथमिक शिक्षा से आगे बढ़कर, लड़कियों की शैक्षिक यात्रा को सुदृढ़ करने हेतु सुनियोजित लक्ष्यों और कार्य-योजनाओं के साथ लक्षित हस्तक्षेप अत्यावश्यक है। इस दिशा में कई महत्वपूर्ण पहलुओं पर ध्यान देना होगा। यह तभी साकार हो सकेगा जब बालिका शिक्षा के प्रति व्यापक जन-जागरुकता उत्पन्न हो।

क्षेत्रीय निदेशक सोहा मोइत्रा ने इस पहल की तत्काल आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि 2009 का निःशुल्क और अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम 14 वर्ष की आयु तक के भारतीय बच्चों के लिए सार्वभौमिक शिक्षा की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम था। राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 ने 18 वर्ष की आयु तक सार्वभौमिक, निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का विस्तार करने का मार्ग प्रशस्त किया। आंकड़े बताते हैं कि भारत में केवल पांच में से तीन लड़कियां ही उच्च माध्यमिक स्तर तक पहुंचती हैं। जो वर्तमान में केवल 58.2 फीसदी है। इनसे निपटने के लिए क्राई ने ‘पूरी पढ़ाई देश की भलाई’ अभियान शुरु किया है, जो 24 जून से शुरू होकर 15 अगस्त तक चलेगा।

TOP

You cannot copy content of this page