महानिर्वाण दिवस व अभिषेक दिवस पर अघोरपीठ में उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब

वाराणसी। मंगलवार 10 फरवरी को रविंद्रपुरी स्थित विश्वप्रसिद्ध अघोर पीठ ‘बाबा कीनाराम स्थल, क्रीं-कुण्ड’ में महानिर्वाण दिवस और अभिषेक दिवस श्रद्धा व भक्ति के साथ मनाया गया। इस अवसर पर देश-विदेश से आए हजारों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कार्यक्रम के तहत दसवें पीठाधीश्वर (ब्रह्मलीन) बाबा राजेश्वर राम (बुढ़ऊ बाबा) जी का महानिर्वाण दिवस और वर्तमान 11वें पीठाधीश्वर अघोराचार्य बाबा सिद्धार्थ गौतम राम जी का अभिषेक दिवस मनाया गया।

अघोर परंपरा से जुड़े श्रद्धालुओं के लिए यह दिन विशेष महत्व रखता है। 9 फरवरी से ही साधु-संतों और भक्तों का आगमन शुरू हो गया था। मंगलवार सुबह मंदिर परिसर में साफ-सफाई, आरती और पूजन के बाद श्रद्धालु अघोराचार्य के दर्शन के लिए उत्सुक दिखे। सुबह करीब साढ़े दस बजे जैसे ही अघोराचार्य अपने कक्ष से बाहर आए, पूरा परिसर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा।

अघोराचार्य ने अपने दादा गुरु बाबा राजेश्वर राम की समाधि पर पूजा-अर्चना कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद बाबा कीनाराम और अघोरेश्वर महाप्रभु बाबा अवधूत भगवान राम जी की प्रतिमा व समाधि स्थल पर भी पूजा की। दिनभर दर्शन-पूजन चलता रहा। भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और ट्रैफिक के विशेष इंतजाम किए थे। परिसर के बाहर मेले जैसा माहौल देखने को मिला।

TOP

You cannot copy content of this page