
चोपन, सोनभद्र।मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत गुरुवार को रेलवे फुटबॉल मैदान में एक भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें खुशियों और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।कार्यक्रम में समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड, जिलाधिकारी बद्रीनाथ सिंह, सीडीओ जागृति अवस्थी, ब्लॉक प्रमुख श्रीमती लीला सिंह गोंड़,जीत सिंह खरवार,खंड विकास अधिकारी अजीत यादव सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना, गणेश वंदना एवं स्वागत गीत के साथ हुआ। इसके बाद अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का विधिवत उद्घाटन किया। मंच पर उपस्थित सभी अतिथियों का साफा बांधकर, पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर भव्य स्वागत किया गया।
इस दौरान लगभग नव जोड़ों ने वैदिक रीति-रिवाजों के साथ सात फेरे लिए, वहीं दो मुस्लिम जोड़ों ने भी अपने वैवाहिक जीवन की शुरुआत की, जो सामाजिक समरसता की मिसाल बन गया। शहनाई की मधुर धुन और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया।
समारोह में विभाग द्वारा नवविवाहित जोड़ों को आवश्यक गृहस्थी का सामान व प्रमाण पत्र भी वितरित किया।
इस अवसर पर राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड ने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण पहल है। इस योजना के माध्यम से बेटियों का विवाह सम्मानजनक और सरल बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक साथ सैकड़ों जोड़ों का विवाह होना सामाजिक एकता और सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों की सफलता का प्रतीक है।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार का संकल्प है कि हर बेटी का विवाह गरिमा और सम्मान के साथ हो तथा उन्हें जीवन की नई शुरुआत में हर संभव सहयोग मिले।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। थाना प्रभारी अखिलेश मिश्रा अपनी टीम के साथ मुस्तैद रहे,जिससे पूरा आयोजन शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
