नए अध्यक्ष राजेश सिंह ने काशीवार्ता से बातचीत में रखे अपने विचार
वाराणसी (काशीवार्ता)। राजातालाब बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश सिंह ने काशीवार्ता प्रतिनिधि से विशेष बातचीत में न्यायालय व्यवस्था से जुड़ी जमीनी समस्याओं को मजबूती से उठाया। उन्होंने कहा कि जब तक न्यायालयों से भ्रष्टाचार पूरी तरह समाप्त नहीं होगा, तब तक आम वादकारियों को समयबद्ध और निष्पक्ष न्याय मिलना कठिन रहेगा। उन्होंने न्यायिक प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और भरोसेमंद बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। राजेश सिंह ने न्यायालय परिसर में व्याप्त गंदगी पर गहरी चिंता जताते हुए नियमित साफ-सफाई व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल और पर्याप्त शौचालयों की तत्काल व्यवस्था की मांग की। भीषण गर्मी की ओर ध्यान दिलाते हुए उन्होंने कहा कि लगभग 46 डिग्री सेल्सियस तापमान में अधिवक्ताओं के बैठने के लिए पक्के भवन का न होना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और अमानवीय स्थिति है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि अधिवक्ताओं के लिए सुरक्षित, स्थायी और सुविधाजनक भवन का शीघ्र निर्माण कराया जाए। राजेश सिंह ने कहा कि अधिवक्ता न्यायपालिका के अहम स्तंभ हैं और उन्हें सम्मानजनक कार्य वातावरण उपलब्ध कराना सरकार व प्रशासन की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर ठोस कदम उठाए जाएंगे, जिससे न्यायालय व्यवस्था और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी और जनहितकारी बन सके।
