
चोपन, सोनभद्र।
स्वच्छता पखवाड़ा 2026 के अंतर्गत शनिवार को ग्राम पंचायत गोठानी स्थित सोमनाथ मंदिर घाट, सोन नदी तट पर स्वच्छता अभियान एवं शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम वन विभाग और पंचायती राज विभाग के संयुक्त सहयोग से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान जिला परियोजना अधिकारी महेन्द्र गौतम ने उपस्थित छात्र-छात्राओं और आमजन को नदियों को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त बनाए रखने की शपथ दिलाई। इसके बाद घाट क्षेत्र में व्यापक स्तर पर सफाई अभियान चलाया गया, जिसमें स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वृक्षारोपण भी किया गया।
स्वच्छता पखवाड़ा के तहत कम्पोजिट विद्यालय चोपन में चित्रकला और निबंध प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और स्वच्छता तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा महिला मोर्चा की जिला मीडिया प्रभारी श्रीमती कविता यादव और विशिष्ट अतिथि के रूप में ग्राम प्रधान धरमु सिंह मौजूद रहे। सभी ने मिलकर नदियों को स्वच्छ रखने और पर्यावरण की रक्षा का संकल्प लिया।
इस अवसर पर एडीओ पंचायत काशीराम, सेक्रेटरी स्मिता यादव, गंगा वालंटियर अभिषेक यादव, प्रधानाचार्य अजीत सिंह, जेआरएफ प्रमोद, वन दरोगा दिनेश यादव सहित विभागीय कर्मचारी, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
