वाराणसी-(काशीवार्ता)- पुलिस कमिश्नरेट में महिला संबंधी अपराधों के प्रति संवेदनशीलता न दिखाने और कर्तव्य पालन में लापरवाही बरतने पर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने सख्त कार्रवाई की है। चौबेपुर क्षेत्र में युवती के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले में उच्चाधिकारियों को समय से जानकारी न देने और केस को गंभीरता से न लेने के कारण थानाध्यक्ष इन्द्रेश कुमार को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है। इसके साथ ही, कैथी चौकी प्रभारी अनिल कुमार सिंह को भी घोर लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया गया है और उनके विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश जारी किए गए हैं। कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन में महत्वपूर्ण फेरबदल भी किए गए हैं। शिवपुर के प्रभारी निरीक्षक वीरेन्द्र कुमार सोनकर को अब चौबेपुर थाने की कमान सौंपी गई है, जबकि सम्मन सेल के प्रभारी अजीत कुमार वर्मा को शिवपुर का नया प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है। पुलिस आयुक्त की इस कड़े रुख वाली कार्रवाई से विभाग के भीतर स्पष्ट संदेश गया है कि महिलाओं के विरुद्ध अपराधों में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
