
वाराणसी (काशीवार्ता)। यूपी कालेज में छात्र की गोली लगने से हुई मौत के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने मीडिया से बातचीत में बताया कि घायल छात्र की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। उन्होंने कहा कि घटना की गंभीरता को देखते हुए विद्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर उसकी बारीकी से जांच की जा रही है। हर पहलू पर सूक्ष्मता से निरीक्षण किया जा रहा है ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि हमलावर की पहचान कर ली गई है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मौके से तीन खोखे बरामद किए गए हैं, जिससे फायरिंग की पुष्टि होती है। छात्र को कितनी गोलियां लगीं, इस संबंध में उन्होंने कहा कि यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोषी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा।
