वाराणसी। देव दीपावली पर 51 हजार दीपों से कंदवा का बिंदु सरोवर जगमग होगा। इसके लिए कंदवा देव दीपावली ट्रस्ट की ओर से संचालित श्री कर्दमेश्वर महादेव देव दीपावली समिति ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। समिति के महासचिव राजेश कुमार सिंह ने बताया कि पांच नवंबर की शाम पांच बजे से देव दीपावली महोत्सव का आयोजन श्री कर्दमेश्वर महादेव मंदिर व बिंदु सरोवर पर किया जाएगा। इस अवसर पर 51 हजार दीपों से मंदिर के घाटों को सजाया जाएगा। आसमानी आतिशबाजी और भव्य धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल, एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, जिलापंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, रोहनिया के पूर्व विधायक सुरेंद्र नारायण सिंह शामिल होंगे। घाटों पर आमजन के सहयोग से दीप जलाए जाएंगे।
