सोनभद्र पुलिस का बड़ा प्रहार: 60 किलो गांजा, दो लग्जरी स्कॉर्पियो और 5 तस्कर गिरफ्तार

सोनभद्र पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 60 किलो गांजा, दो लग्जरी स्कॉर्पियो गाड़ियां और पांच शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार और क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के पर्यवेक्षण में थाना रॉबर्ट्सगंज और एसओजी टीम ने 27 जनवरी की रात करीब 10:35 बजे पुलिस लाइन मोड़ तिराहा स्थित मम्मी के ढाबा के पास चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहनों को रोका।

तलाशी में एक स्कॉर्पियो से 40 किलो और दूसरी से 20 किलो गांजा बरामद हुआ। साथ ही गांजा खरीद-बिक्री से जुड़े 5.20 लाख रुपये नकद, 7 मोबाइल फोन और 5 हजार रुपये जामा तलाशी से मिले। एक वाहन पर कूटरचित नंबर प्लेट भी लगी पाई गई। पुलिस ने मौके से कुल पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया, जिनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ओडिशा से गांजा लाकर उत्तर प्रदेश में सप्लाई करने की योजना बना रहे थे। गिरफ्तार अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास भी काफी लंबा है। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़कर आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

TOP

You cannot copy content of this page