
सोनभद्र पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। थाना रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में 248 ग्राम नाजायज हेरोइन के साथ दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार और क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्रा के पर्यवेक्षण में की गई। 20/21 जनवरी 2026 की रात घुवास बाजार से मेहुड़ी–सजौर मार्ग पर संदिग्ध व्यक्ति और वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने मेहुड़ी-सजौर पुलिया के पास घेराबंदी कर अटल बिहारी यादव और दीपक कुमार भारती को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार अटल बिहारी यादव के पास से 123 ग्राम और दीपक कुमार भारती के पास से 125 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। इसके अलावा दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 1300 रुपये नकद भी मिले। पूछताछ में अटल बिहारी ने बताया कि वह लखनऊ से हेरोइन लाकर स्थानीय नशेड़ियों को बेचने की फिराक में था।
मामले में थाना रॉबर्ट्सगंज पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/29 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों के नेटवर्क और सप्लाई चेन की गहन जांच कर रही है।
