
वाराणसी में अवैध नशीली दवाओं के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस आयुक्त के निर्देशन और काशी जोन के अधिकारियों की निगरानी में एसआईटी टीम ने कफ सिरप तस्करी से जुड़े मामले में कुल 5 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में अमित जायसवाल, दिवेश जायसवाल और अंकुश सिंह पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई थाना कोतवाली में दर्ज मुकदमा संख्या 235/2025 से संबंधित है, जिसमें बीएनएस और एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराएं लगी हैं। जांच में सामने आया कि आरोपी फर्जी जीएसटी इनवॉइस और ई-वे बिल का इस्तेमाल कर कोडीन युक्त न्यू फेंसाडिल कफ सिरप की बड़े पैमाने पर अवैध सप्लाई कर रहे थे। यह नेटवर्क झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और त्रिपुरा तक फैला हुआ था।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गिरोह के सदस्य फर्जी फर्म खोलकर नकद और आरटीजीएस के जरिए पैसों का लेन-देन करते थे। करीब 25 लाख बोतल कफ सिरप की तस्करी कर हवाला के माध्यम से लगभग 40 करोड़ रुपये का अवैध कारोबार किया गया, जिसमें करीब 8 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया गया।
पुलिस ने आरोपियों को 7 फरवरी 2026 को मिर्जापुर बाईपास स्थित भोरसर लिंक रोड से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान विदेशी मुद्रा और एक आईफोन बरामद हुआ। फिलहाल सभी आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
