बनारस स्टेशन पर ई-वाहनों के लिए बैटरी स्वैपिंग स्टेशन, दो मिनट में मिलेगी चार्ज बैटरी

वाराणसी(काशीवार्ता)। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान के नेतृत्व में वाराणसी मंडल ने हरित परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में एक नई पहल की है। बनारस (BNRS) रेलवे स्टेशन पर ई-वाहनों के लिए बैटरी स्वैपिंग स्टेशन स्थापित करने हेतु ई-नीलामी के माध्यम से लाइसेंस प्रदान किया गया है, जिसकी वार्षिक लाइसेंस फीस 2.67 लाख रुपये निर्धारित की गई है। यह वाराणसी मंडल की इस तरह की पहली पहल है।
यह सुविधा यात्रियों, आगंतुकों और अंतिम मील परिवहन सेवाओं जैसे ई-रिक्शा और इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों के लिए काफी उपयोगी साबित होगी। अब डिस्चार्ज हो चुकी बैटरी को लगभग दो मिनट में पूरी तरह चार्ज बैटरी से बदला जा सकेगा, जिससे चार्जिंग में लगने वाले लंबे समय से राहत मिलेगी और स्थानीय परिवहन व्यवस्था अधिक सुचारु हो सकेगी।
बैटरी स्वैपिंग स्टेशन को बनारस रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में सुव्यवस्थित ढंग से स्थापित किया गया है, ताकि उपलब्ध स्थान का बेहतर उपयोग हो और यात्रियों की आवाजाही भी प्रभावित न हो। इसके साथ ही यह रेलवे के लिए गैर-भाड़ा राजस्व का एक नया स्रोत भी बनेगा।
उल्लेखनीय है कि बैटरी स्मार्ट स्वैप स्टेशन एक भारतीय नेटवर्क है, जो इलेक्ट्रिक दोपहिया और तिपहिया वाहनों के लिए बैटरी-एज़-ए-सर्विस मॉडल पर कार्य करता है। आईआईटी कानपुर के स्नातकों द्वारा स्थापित इस कंपनी ने स्वैपेबल लिथियम-आयन बैटरियों के माध्यम से इलेक्ट्रिक वाहन मालिकों की शुरुआती लागत कम करने और सुविधाजनक ई-मोबिलिटी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से देश के कई शहरों में स्वैपिंग स्टेशनों का नेटवर्क विकसित किया है।

TOP

You cannot copy content of this page