सारनाथ में एक लाख के इनामी सुपारी किलर से STF की मुठभेड़, बनारसी यादव ढेर

फ़ाइल फ़ोटो

वाराणसी के थाना सारनाथ क्षेत्र में कलनाइजर महेंद्र गौतम की हत्या के मामले में वांछित एक लाख रुपये के इनामी सुपारी किलर बनारसी यादव को एसटीएफ टीम ने मुठभेड़ के बाद ढेर कर दिया। मुठभेड़ के दौरान बनारसी यादव गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि बनारसी यादव सारनाथ इलाके में सक्रिय है और किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा है। सूचना के आधार पर एसटीएफ टीम ने इलाके में घेराबंदी की। खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया और मौके पर ही काबू कर लिया गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बनारसी यादव कुख्यात अपराधी था। उसके खिलाफ सारनाथ में कॉलोनाइजर की हत्या सहित लूट, रंगदारी और अवैध हथियारों के करीब दो दर्जन से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज थे। वह लंबे समय से फरार चल रहा था, जिस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने दो पिस्टल और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य अपराधियों की तलाश जारी है।

TOP

You cannot copy content of this page