विशुनपुरा में दुस्साहसिक चोरी, 50 लाख की संपत्ति पर हाथ साफव्यवसायियों में आक्रोश, बंद का ऐलान

विशुनपुरा (प्रतिनिधि)। प्रखंड मुख्यालय विशुनपुरा में बुधवार देर रात चोरों ने बड़ी और सुनियोजित चोरी की वारदात को अंजाम देकर पूरे इलाके में दहशत फैला दी। प्रसिद्ध व्यवसायी राम हरख प्रसाद गुप्ता के प्रतिष्ठान शुभ लक्ष्मी वस्त्रालय–मुन्ना ज्वेलर्स में हुई इस भीषण चोरी में चोर करीब 50 लाख रुपये मूल्य के सोना-चांदी के जेवरात, कपड़े और नकदी लेकर फरार हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार चोर दुकान के पीछे की ओर से लोहे की ग्रिल तोड़कर अंदर घुसे। भीतर पहुंचते ही उन्होंने सोना-चांदी रखे अलमीरा को तोड़ दिया। दुकान के अंदर कपड़े, जेवरात और चांदी के डिब्बे बिखरे मिले। पहचान से बचने के लिए चोर सीसीटीवी कैमरे की हार्ड डिस्क भी अपने साथ ले गए। एक भारी लोहे का लॉकर ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन वजन अधिक होने के कारण वे असफल रहे।

पीड़ित व्यवसायी बिनोद गुप्ता उर्फ मुन्ना ने बताया कि बुधवार रात करीब 8 बजे दुकान बंद कर वे घर चले गए थे। रात करीब 9 बजे उनके माता-पिता दुकान में सोने आए थे, जबकि ऊपर दूसरी मंजिल पर उनके पिता राम हरख प्रसाद गुप्ता सो रहे थे। गुरुवार सुबह दुकान खुलने पर चोरी का पता चला। हैरानी की बात यह रही कि इतनी बड़ी वारदात के दौरान किसी को भनक तक नहीं लगी।

घटना की सूचना मिलते ही विशुनपुरा थाना प्रभारी राहुल सिंह मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने टूटे ग्रिल, अलमीरा और बिखरे सामान का निरीक्षण किया। सीसीटीवी हार्ड डिस्क ले जाना इस बात की ओर इशारा करता है कि चोर पूरी तैयारी के साथ आए थे।

इस घटना के बाद स्थानीय व्यवसायियों में भारी आक्रोश है। व्यवसायी संघ के अध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता ने इसे विशुनपुरा की दूसरी बड़ी आपराधिक घटना बताते हुए तत्काल खुलासे की मांग की है। उन्होंने कहा कि जब तक घटना का उद्भेदन नहीं होता, तब तक सभी दुकानों को बंद रखकर आंदोलन किया जाएगा। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से व्यापारी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और प्रशासन से ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

TOP

You cannot copy content of this page