रेलवे ट्रैक पर मिली AK-47 से मचा हड़कंप, जांच के बाद CRPF जवान का निकला हथियार

वाराणसी। जैतपुरा थाना क्षेत्र के सरैया रेलवे ट्रैक के पास सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब रेलवे लाइन के किनारे एके-47 राइफल पड़ी हुई मिली। एक स्थानीय युवक ने ट्रैक के पास संदिग्ध हथियार देखा और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही जैतपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हथियार को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार बरामद एके-47 राइफल की मैगजीन गोलियों से भरी हुई थी, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल उच्च अधिकारियों को भी सूचना दी गई। कुछ ही देर में डीसीपी काशी, एडीसीपी और एसीपी चेतगंज सहित कई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए और पूरे मामले की जांच शुरू की।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यह हथियार केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के एक जवान का है। जानकारी के अनुसार सीआरपीएफ की एक टुकड़ी ट्रेन के माध्यम से पश्चिम बंगाल में चुनावी ड्यूटी के लिए जा रही थी। इसी दौरान किसी कारणवश एक जवान की एके-47 राइफल ट्रेन से नीचे गिर गई, जिसकी जानकारी जवानों को तत्काल नहीं हो सकी।

पुलिस ने रेलवे सुरक्षा बल (RPF) से संपर्क कर मामले की जानकारी साझा की और संबंधित ट्रेन के बारे में जानकारी जुटाई। जांच के दौरान पता चला कि जिस ट्रेन से सीआरपीएफ के जवान यात्रा कर रहे थे, वह पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर रुकी हुई थी। इसके बाद पुलिस ने सीआरपीएफ टुकड़ी के कमांडर से संपर्क किया। पूछताछ में पुष्टि हुई कि एक जवान का हथियार रास्ते में कहीं गिर गया था।

आवश्यक जांच-पड़ताल पूरी करने के बाद बरामद एके-47 राइफल को सीआरपीएफ टुकड़ी के कमांडर के सुपुर्द कर दिया गया। हालांकि इस घटना ने सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं कि इतनी संवेदनशील हथियार ट्रेन से कैसे गिर गया और जवानों को इसकी जानकारी क्यों नहीं हो सकी। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है।

TOP

You cannot copy content of this page