
गंजारी और हरसोस के किसान जमीन अधिग्रहण के विरोध में लामबंद, खेतों में लगे विरोध के पोस्टर
वाराणसी -गंजारी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का काम अभी अंतिम चरण में ही है कि एक नई चर्चा ने क्षेत्र में हलचल मचा दी है। गंजारी और हरसोस गांव में प्रस्तावित ‘स्पोर्ट्स सिटी’ के लिए जमीन अधिग्रहण की खबरों ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। अपनी एकमात्र आजीविका खोने के डर से किसान अब एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। किसानों ने अपने खेतों में बैनर और पोस्टर लगाकर साफ संदेश दिया है कि वे अपनी उपजाऊ जमीन किसी कीमत पर नहीं छोड़ना चाहते। उनका कहना है कि खेती छिन जाने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो जाएगा। हालांकि प्रशासन की ओर से अभी कोई आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं हुई है, लेकिन रिंग रोड के किनारे इन गांवों में तनाव का माहौल बना हुआ है।
