
वाराणसी । ( काशीवार्ता ) वाराणसीमें महाशिवरात्रि पर्व को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। इस बार भी एक दिवसीय पंचकोसी यात्रा में लाखों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधि मिलकर तैयारियों में जुटे हुए हैं। खास तौर पर यात्रा मार्ग, मंदिर परिसर पर व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
पंचकोसी यात्रा के प्रथम पड़ाव कर्दम ऋषि की तपोभूमि कंदवा स्थित कर्दमेश्वर महादेव पर विशेष साफ सफाई अभियान चलाया जा रहा है। वार्ड नंबर 19 के सभासद प्रतिनिधि गोपाल जी पटेल स्वयं मौके पर मौजूद रहकर सफाई कार्य की निगरानी कर रहे हैं। इस कार्य में वाराणसी नगर निगम के सफाई कर्मचारी भी सक्रिय रूप से लगे हुए हैं।
पार्षद प्रतिनिधि के अनुसार श्रद्धालुओं के लिए साफ-सफाई, पथ प्रकाश, पेयजल और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। प्रशासन का लक्ष्य है कि महाशिवरात्रि के दौरान आने वाले हर श्रद्धालु को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिल सके। यात्रियों की संख्या को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल और स्वयंसेवकों की भी तैनाती की जाएगी।
कर्दमेश्वर महादेव मंदिर के पुजारी मुन्नू गिरि ने बताया कि पंचकोसी यात्रियों का अंतिम जत्था तकरीबन एक से दो बजे तक यहाँ से निकल जायेगा, उसके बाद बाबा का कपाट भोर में तीन बजे मंगला आरती के बाद आम दर्शनार्थियों के लिए खोल दिया जायेगा।
