न्याय की आस में दर-दर ठोकर खा रही महिला, थाना प्रभारी मीटिंग में व्यस्त, ACP से शिकायत का असर नहीं

वाराणसी(काशीवार्ता)। समाज में किसी भी तरह के अपराध को रोकना पुलिस का काम है। लोग कभी भी अपनी सुरक्षा या किसी भी प्रकार की गंभीर समस्या के खिलाफ शिकायत पुलिस से करते हैं। लेकिन, प्रदेश की पुलिस के कार्यों का अंदाजा इस बात से लगा सकते हैं कि एक महिला अपनी फरियाद लेकर थाने और अधिकारियों के यहां चक्कर लगा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार लहंगपुरा थाना चेतगंज निवासिनी महिला ने चेतगंज थाने पर 4 मार्च को ससुराल वालों द्वारा दहेज में कार मांगने के साथ शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के संबंध में शिकायत करते हुए प्रार्थना पत्र दिया। विवाहिता को मध्यस्थता हेतु कचहरी में बने मध्यस्थता केंद्र भेज दिया गया। मध्यस्थता केंद्र पर महिला को जब भी बुलाया गया वो पहुंची, लेकिन उसके ससुरालीजन नहीं पहुंचे। परिणामस्वरूप मध्यस्थता को समाप्त कर पुनः उसे चेतगंज थाने पर भेज दिया गया।

महिला 15 दिनों तक चेतगंज थाने का चक्कर लगाती रही, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई। 26 जून को महिला एसीपी चेतगंज के यहां पहुंच कर अभियोग दर्ज करने का अनुरोध किया। बावजूद इसके, उसकी सुनवाई नहीं हुई। महिला आज भी मुकदमा दर्ज कराने हेतु दर-दर की ठोकर खाने को मजबूर है। इस सम्बंध में चेतगंज थाना प्रभारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन उन्होंने मीटिंग में होने की बात कह फोन काट दिया।

TOP

You cannot copy content of this page