वाराणसी: महिलाओं की सुरक्षा के लिए रात में तैनात होंगी 6 विशेष पीआरवी

वाराणसी(काशीवार्ता)। महिलाओं के खिलाफ रात में होने वाली घटनाओं को रोकने के लिए वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस सतर्क हो गई है। इस उद्देश्य से डायल 112 की 6 विशेष महिला पुलिस रिस्पांस वाहन (पीआरवी) तैनात की गई हैं। ये वाहन महिलाओं से जुड़ी किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर सहायता प्रदान करेंगे। यदि कोई बड़ी घटना होती है, तो संबंधित थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने का भी इंतजाम किया गया है।

इन विशेष महिला पीआरवी को वाराणसी के लंका, रोहनियां, कैंट, सिगरा, सारनाथ और बड़ागांव क्षेत्रों में तैनात किया गया है। कोई भी महिला यदि असुरक्षित महसूस करती है, अकेली है, या उसे वाहन मिलने में दिक्कत हो रही है, तो वह डायल 112 पर कॉल कर सहायता मांग सकती है। महिला पीआरवी टीम उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करेगी।

प्रत्येक पीआरवी में दो महिला और एक पुरुष आरक्षी समेत चार पुलिसकर्मी होंगे। वे आठ-आठ घंटे की शिफ्ट में काम करेंगे। पहली शिफ्ट सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक, दूसरी दोपहर 3 से रात 11 बजे तक और तीसरी शिफ्ट रात 11 से सुबह 7 बजे तक होगी।

डायल 112 प्रभारी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि इन वाहनों को आधुनिक उपकरणों जैसे सैमसंग मोबाइल, एप्पल टैबलेट और अग्निशमन सिलेंडर से लैस किया गया है। महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इन विशेष पीआरवी का संचालन किया जा रहा है।

TOP

You cannot copy content of this page