
वाराणसी। आज दिनांक 28 दिसंबर 2025 को वाराणसी जंक्शन स्टेशन पर बुजुर्ग रेलवे यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सीनियर सिटीजन ट्रस्ट ऑफ इंडिया की ओर से सभी प्लेटफार्मों पर कंक्रीट बेंच उपलब्ध कराए गए। इन बेंचों का उद्घाटन मुख्य अतिथि माननीय दयाशंकर मिश्र, आयुष मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार ने किया।
मंडल रेल प्रबंधक लखनऊ मंडल सुनील कुमार वर्मा एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (यात्री सुविधा) कुलदीप तिवारी के अनुमोदन के बाद संस्था द्वारा कुल 30 बेंच लगवाए गए हैं। प्रत्येक बेंच पर तीन यात्री बैठ सकेंगे। रेलवे प्रशासन ने बुजुर्ग यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इन बेंचों को एस्केलेटर और लिफ्ट के नजदीक शेड के नीचे स्थापित कराया है।
बेंच लाल रंग के हैं, जिससे वे आसानी से पहचाने जा सकें। साथ ही प्रत्येक बेंच पर “सीनियर सिटीजन हेतु” अंकित किया गया है, ताकि बुजुर्ग यात्रियों को इनके उपयोग में कोई असुविधा न हो।
इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष डॉ. अजीत कुमार सहगल, सचिव आशीष बसाक सहित संस्था के कई सदस्य उपस्थित रहे। उत्तर रेलवे प्रशासन की ओर से स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता, वाणिज्य निरीक्षक एवं रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद थे।
