
विपरीत दिशा और बिना नंबर प्लेट के फर्राटा भरना पड़ा भारी, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
वाराणसी -(काशीवार्ता)-सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस कमिश्नरेट पूरी तरह सख्त नजर आ रही है। इसी क्रम में डीसीपी वरुणा ज़ोन के निर्देशन में थाना चोलापुर पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाकर दो लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने सार्वजनिक मार्ग और नेशनल हाईवे पर जान जोखिम में डालकर वाहन चलाने वाले एक टाटा विक्टर और एक सोनालिका ट्रैक्टर को सीज कर दिया है। पकड़े गए वाहनों में से एक (टाटा विक्टर) हाईवे पर गलत दिशा में तेज रफ्तार और उतावलेपन के साथ चल रहा था, वहीं ट्रैक्टर बिना नंबर प्लेट के दौड़ता पाया गया। चेकिंग के दौरान दोनों ही चालक गाड़ी के वैध कागजात दिखाने में नाकाम रहे। पुलिस ने इनके खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 281 के तहत मुकदमा दर्ज कर वाहनों को धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत कब्जे में ले लिया है। चोलापुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और अपनी व दूसरों की जान सुरक्षित रखें।
