वाराणसी- (काशीवार्ता) -पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार जोरदार बारिश, मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़ की नदियों में उफान का गंगा में काशी तक असर दिखने लगा है। सोमवार सुबह 10 बजे से गंगा के जलस्तर में छह सेंमी प्रति घंटे की रफ्तार से वृद्धि शुरू हो गई थी जिसमें शाम के बाद कमी आई। उस समय चार सेंमी प्रति घंटा की गति से जलस्तर बढ़ रहा था। रात आठ बजे जल स्तर 65.92 मीटर पर था। गंगा के इस उफान से तटवर्ती क्षेत्रों के लोग चिंतित दिख रहे हैं।
केन्द्रीय जल आयोग के अनुसार गंगा के जलस्तर में 24 घंटे में एक मीटर की वृद्धि हो रही है। बढ़ाव का मौजूदा ट्रेंड अगले 24 घंटों के दौरान बना रहा तो कई क्षेत्रों में स्थिति गंभीर हो सकती है। आयोग के अनुसार दो मीटर और जलस्तर बढ़ा तो वरुणा, अस्सी एवं गोमती में गंगा का पलट प्रवाह शुरू हो जाएगा।